मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, शिवभक्तों का जाना हाल-चाल
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेरठ के सकोती क्षेत्र से लेकर उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा स्थित पुरकाजी तक यात्रा मार्ग का भ्रमण किया और रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख कांवड़ सेवा शिविरों का भी दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने शिवभक्त कांवड़ियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न सेवा शिविरों में पहुंचकर शिविर संचालकों से बातचीत की तथा श्रद्धालुओं को दी जा रही भोजन, चिकित्सा, विश्राम और अन्य सुविधाओं की सराहना की।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश की सबसे बड़ी आस्था यात्राओं में से एक है और इसके सफल संचालन के लिए राज्य सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं यात्रा की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और पुलिस-प्रशासन के साथ नियमित रूप से फीडबैक लिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान पुरकाजी, रामपुर तिराहा, शिव चौक, छपार, खतौली सहित पूरे यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है तथा प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
राज्य मंत्री ने कहा कि कुछ लोग कांवड़ यात्रा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिए उनकी यही प्रार्थना है कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें। उन्होंने कहा कि शिव चौक सहित पूरे यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में शिवभक्त लगातार पहुंच रहे हैं और यात्रा पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों से अधिक आकार और तेज ध्वनि वाले डीजे वाहनों को मुख्य हाईवे मार्ग से अलग संचालित किया जा रहा है, ताकि यातायात सुचारु रहे और श्रद्धालुओं सहित आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान श्री गीता मानस मंडल कांवड़ सेवा शिविर, सनातन धर्म सभा सहित विभिन्न सेवा शिविरों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी राज्य मंत्री ने मुलाकात की तथा उनकी सेवाभावना की सराहना की।

