बुढ़ाना में राष्ट्रीय लोकदल पंचायती राज प्रकोष्ठ की बैठक सम्पन्न, बिधुर मोहन त्यागी बने जिलाध्यक्ष
मुज़फ्फरनगर। बुढ़ाना स्थित डाक बंगले में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के पंचायती राज प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार और पंचायत स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सठेड़ी गांव के पूर्व प्रधान बिधुर मोहन त्यागी को राष्ट्रीय लोकदल पंचायती राज प्रकोष्ठ का मुज़फ्फरनगर जिलाध्यक्ष घोषित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल धामा ने की। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और पंचायत प्रतिनिधियों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत स्तर पर मजबूत संगठन ही पार्टी की ताकत है और कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष तिरसपाल मलिक, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिलाध्यक्ष संजय राठी, अनिल राजपाल बालियान सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बिधुर मोहन त्यागी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई।

बैठक का संचालन चौधरी सत्यपाल सहरावत ने किया। उन्होंने कहा कि संगठन को सशक्त बनाने की इस मुहिम में सहभागी बनना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।
बैठक के अंत में पार्टी नेताओं ने संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और पंचायत स्तर पर राष्ट्रीय लोकदल को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

