जनेश्वर मिश्र के आदर्शों पर चलकर 2027 में समाजवादी सरकार बनाना लक्ष्य : ज़िया चौधरी
मुज़फ्फरनगर। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर बुधवार को समाजवादी चिंतक एवं “छोटे लोहिया” के नाम से प्रसिद्ध स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पार्टी की मासिक बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने तथा संचालन जिला महासचिव सोमपाल कोरी ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए ज़िया चौधरी ने कहा कि जनेश्वर मिश्र का जीवन सादगी, संघर्ष, समाजवाद और जनसेवा का प्रतीक था। उनके विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बल पर जीता जा सकता है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को जनता तक पहुंचाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार महंगाई, बेरोज़गारी, किसानों की समस्याओं और लोकतांत्रिक अधिकारों की अनदेखी कर रही है, जिसका जवाब जनता आगामी चुनाव में देगी।

पूर्व मंत्री राजकुमार यादव, मीरापुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हाजी लियाकत तथा प्रदेश सचिव इलम सिंह गुर्जर ने संयुक्त रूप से कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों की आवाज़ बनकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक को मीरापुर विधानसभा अध्यक्ष सादिक चौहान, सदर विधानसभा अध्यक्ष अविनाश कपिल, पुरकाजी विधानसभा अध्यक्ष संजीव आर्य, चरथावल विधानसभा अध्यक्ष याकूब प्रधान, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र नीटू, प्रदेश उपाध्यक्ष समाजवादी शिक्षक सभा सत्येंद्र पाल, प्रदेश उपाध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा शौयब राणा, समाजवादी महिला सभा जिलाध्यक्ष पूजा अम्बेडकर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के आदर्शों पर चलने तथा वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

