भूख हड़ताल के सातवें दिन डॉ. मोनिका सिंह के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से की वार्ता, निष्पक्ष जांच की मांग

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी की नेत्री डॉ. मोनिका सिंह भाजपा समर्थक पर धरना स्थल पर कथित हमले तथा महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सातवें दिन भी जिलाधिकारी कार्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठीं रहीं। लगातार जारी अनशन के चलते उनके गिरते स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों ने चिंता व्यक्त की।

डॉ. मोनिका सिंह की ओर से वरिष्ठ सपा नेताओं और महिला कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा डॉ. मोनिका सिंह की ओर से भी मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग उठाई।

वरिष्ठ सपा नेता साजिद हसन ने जिलाधिकारी से कहा कि यदि किसी अन्य राजनीतिक दल के धरना-प्रदर्शन में इस प्रकार की घटना होती, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक द्वारा सपा के धरने में कथित हमले के बावजूद पुलिस ने हमलावर के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की, बल्कि विरोध करने वालों पर ही कार्रवाई कर उन्हें बचाने का प्रयास किया।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिला कार्यकर्ताओं ने भी जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस दौरान महिला नेत्री सुनीता मलिक, सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान, पूर्व जिलाध्यक्ष सपा अल्पसंख्यक सभा डॉ. इसरार अल्वी, मीनाक्षी चौधरी, काजल, प्रिया चौधरी, शहनाज, सुहाना चौधरी, जतिन चौधरी, सागर सिंह, पराग चौधरी, गौरव चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

#Muzaffarnagar #SamajwadiPart #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *