चावल में रंग मिलाकर बन रही थी नकली हल्दी, खाद्य विभाग के छापे में बड़ा खुलासा

राजसत्त्ता पोस्ट |असलम त्यागी

उत्तर प्रदेश के कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने पीतांबरा इंटरप्राइजेज नामक मसाला फैक्ट्री पर छापेमारी कर नकली हल्दी बनाने के बड़े कारोबार का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि फैक्ट्री में चावल के टूटे दानों में पीला रंग मिलाकर नकली हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था। हैरानी की बात यह रही कि पूरे परिसर में असली हल्दी का एक भी टुकड़ा नहीं मिला।

छापेमारी के दौरान 77 बोरी चावल के टुकड़े, 42 बोरी तैयार नकली हल्दी पाउडर, बड़ी मात्रा में मिर्च और धनिया पाउडर तथा लिक्विड कलर बरामद किया गया। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हल्दी, मिर्च और धनिया समेत विभिन्न मसालों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई ने मिलावटी मसालों के कारोबार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *