ग्राम कासमपुर खोला के ऐतिहासिक मेले में दो दिवसीय दंगल का शुभारंभ, भाजपा नेता अभिषेक चौधरी ने बढ़ाया पहलवानों का उत्साह

मुजफ्फरनगर। ग्राम कासमपुर खोला में आषाढ़ मास की चतुर्दशी एवं पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले ऐतिहासिक मेले के अंतर्गत पिछले 65 वर्षों से चली आ रही परंपरा को इस वर्ष भी पूरे उत्साह और भव्यता के साथ आगे बढ़ाया गया। मेले में आयोजित दो दिवसीय विशाल दंगल के प्रथम दिवस पर दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन कर हजारों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

दंगल का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता अभिषेक चौधरी, विधान परिषद सदस्या वंदना वर्मा, गुर्जर सद्भावना सभा के जिलाध्यक्ष ओ.पी. चौहान, मीरापुर विधायक मिथलेश पाल की सुपुत्री सुप्रिया पाल तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार पुष्पेंद्र ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अभिषेक चौधरी ने कहा कि भारतीय कुश्ती केवल एक खेल नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल भावना के साथ अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है। उन्होंने आयोजन समिति को वर्षों से इस परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

दंगल में शामली, बिजनौर, कैराना, पानीपत, हरिद्वार, भुम्मा, शुक्रताल, भुवापुर, वजीराबाद, छरोली और तासीपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने रोमांचक मुकाबले प्रस्तुत किए। दर्शकों ने हर दांव-पेच पर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। मुकाबलों में गुल्लू झझेड़ी ने विकास भूआपुर, काजल चौधरी बिजनौर ने रतना धर्मनगरी, वंश भुम्मा ने दीपांशु भूआपुर तथा चकित बिजनौर ने संदीप शुक्रताल को पराजित कर अपनी-अपनी कुश्ती के फाइनल में जगह बनाई।

आयोजन समिति ने बताया कि मेले के दूसरे दिन 29 जुलाई को भी दंगल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई बड़े मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

दंगल के सफल आयोजन में पंकज प्रधान, भंवर सिंह, गन्नू सिंह, बालकराम, सोनी, विनोद कोहली, अरुण शर्मा, कपिल कोहली, प्रवीण कुमार, रविन्द्र कुमार, राहुल, ब्रह्मपाल, संदीप शर्मा, अमित मास्टर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

दंगल में रेफरी की जिम्मेदारी डॉ. संजय, सनोज एवं ब्रह्मसिंह ने संयुक्त रूप से निभाई। आयोजन समिति के अध्यक्ष वेदपाल एवं उपाध्यक्ष सुखपाल ने सभी अतिथियों, पहलवानों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मास्टर मदनपाल एवं दीपक धीमान ने किया।

 #AbhishekChaudhary #RajsattaPost #AnujTyagiPost

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *