70 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बिरालसी में 70 वर्षीय वृद्ध की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने संपत्ति विवाद को लेकर हत्या किए जाने के आरोप लगाए थे। परिजनों का आरोप था कि छोटे भाई समेत अन्य लोगों ने मारपीट कर वृद्ध की हत्या कर दी। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला शराब के नशे में हुए विवाद और धक्का-मुक्की का सामने आया है।
क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव ने बताया कि 23/24 जुलाई की रात पीआरवी के माध्यम से थाना चरथावल पुलिस को ग्राम बिरालसी में एक वृद्ध की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कबाड़ी उर्फ करपाल पुत्र बदर (70) और उसके सगे भाई रामू पुत्र बदर (50) के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों के बीच धक्का-मुक्की हुई, इसी दौरान करपाल गिर गए और गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि दोनों भाइयों के बीच संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते मारपीट की गई, जिससे करपाल की जान गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्ष साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

