मेरठ के कारोबारी की नैनीताल में रंगीन पार्टी पर पुलिस का छापा, देह व्यापार के आरोप में 52 गिरफ्तार, रिजॉर्ट सील
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर स्थित एक्रोन रिजॉर्ट में पुलिस की देर रात हुई बड़ी कार्रवाई में कथित देह व्यापार और अश्लील गतिविधियों का खुलासा हुआ है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से कुल 52 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में 10 महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि पुलिस को एक किशोरी भी मौके पर मिली। इसके बाद पुलिस ने रिजॉर्ट को सील कर दिया और पूरे मामले में कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य आयोजक मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के मुल्ताननगर निवासी कारोबारी उमेंद्र है। उसका मेरठ, बुलंदशहर और अन्य स्थानों पर कीटनाशक एवं कृषि उपकरणों का कारोबार बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उमेंद्र ने अपनी कंपनी से जुड़े डीलरों और अन्य लोगों के लिए “मनोरंजन पार्टी” के नाम पर इस आयोजन की योजना बनाई थी। उसने करीब दस दिन पहले रामनगर पहुंचकर एक्रोन रिजॉर्ट में लगभग 2.20 लाख रुपये जमा कर बुकिंग कराई थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि पार्टी में शामिल लोगों के लिए शराब, डीजे और महिलाओं की व्यवस्था की गई थी। पुलिस का दावा है कि महिलाओं की व्यवस्था कंपनी से जुड़े राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी के माध्यम से कराई गई और प्रत्येक महिला को 10-10 हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, पार्टी में कुछ महिलाएं बाहरी राज्यों और विदेशों से भी बुलाए जाने की जानकारी मिली है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि पार्टी में डांस कर रही महिलाओं पर नोट उड़ाए जा रहे थे और अश्लील गतिविधियां चल रही थीं। मौके से तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, दस-दस रुपये के नकली नोटों की 24 गड्डियां, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, म्यूजिक सिस्टम, साउंड बॉक्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
जांच के दौरान एक और बड़ी लापरवाही सामने आई। पुलिस ने जब रिजॉर्ट का एंट्री रजिस्टर जांचा तो पाया कि वहां ठहरे लोगों की कोई विधिवत एंट्री दर्ज नहीं की गई थी। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए प्रशासन ने रिजॉर्ट को सील कर दिया।
इस मामले में मेरठ के करीमनगर निवासी मेहराजुद्दीन को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 52 आरोपियों के साथ रिजॉर्ट के जीएम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 5 व 6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। छापेमारी के बाद फरार हुए रिजॉर्ट के जीएम की तलाश जारी है।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के अनुसार, पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की गतिविधियां कब से संचालित हो रही थीं तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

