राज्य मंत्री मधु भट्ट के नेतृत्व में यमकेश्वर में आयोजित हुआ ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर
यमकेश्वर, 7 जुलाई। उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यमकेश्वर ब्लॉक में सोमवार को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम का केंद्र बिंदु राज्य मंत्री मधु भट्ट रहीं, जिन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री मधु भट्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह पूरी संवेदनशीलता के साथ आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करे, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी शासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आती है और लोगों का सरकार पर विश्वास और मजबूत होता है।
इस अवसर पर यमकेश्वर विधानसभा की विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं तथा जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं। इससे स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है और विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, राशन तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुना और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सहसंयोजक संजीव चौहान, धनवीर चौहान, मुकेश दवरानी, मंडल महामंत्री मनोज बडोला, जिला पंचायत सदस्य बच्चन बिष्ट, मंडल अध्यक्ष अनिल नेगी, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, सहायक विकास अधिकारी दिनेश रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर राज्य मंत्री मधु भट्ट ने अधिकारियों से कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे, यही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

