ऑनलाइन जुए की लत ने छात्र को बनाया लुटेरा, महिला को कुएं में धक्का देकर मारने की कोशिश

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

तेलंगाना के करीमनगर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां ऑनलाइन जुए की लत और बढ़ते कर्ज ने एक कॉलेज छात्र को अपराध की राह पर धकेल दिया। पुलिस ने इस मामले में दिनेश रेड्डी को गिरफ्तार किया है, जो जगतियाल जिले का रहने वाला और डिग्री कोर्स के दूसरे वर्ष का छात्र है।

पुलिस के अनुसार, दिनेश रेड्डी ऑनलाइन जुए और गेमिंग का आदी था। इस दौरान वह लाखों रुपये हार गया। नुकसान की भरपाई के लिए उसने कई लोन ऐप्स से भी उधार लिया, लेकिन कर्ज बढ़ने और वसूली के दबाव ने उसे अपराध करने के लिए मजबूर कर दिया।

आरोप है कि उसने 55 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर महिला लक्ष्मी को अकेला देखकर अपना निशाना बनाया। पहले उसने लक्ष्मी के पहने हुए गहने लूट लिए और फिर पहचान छिपाने के लिए उन्हें पास के एक कुएं में धक्का दे दिया। जब लक्ष्मी कुएं के अंदर रस्सी के सहारे बाहर निकलने की कोशिश कर रही थीं, तब आरोपी ने वह रस्सी भी काट दी, ताकि उनकी मौत हो जाए।

हालांकि लक्ष्मी ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने कुएं के भीतर मौजूद एक केबल को मजबूती से पकड़ लिया और करीब 21 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करती रहीं। आखिरकार पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने उनकी मदद की पुकार सुनी। किसानों ने स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी दिनेश रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि ऑनलाइन जुए में भारी नुकसान, लोन ऐप्स से लिया गया कर्ज और वसूली के बढ़ते दबाव के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने लोन ऐप्स से कितना कर्ज लिया था और क्या इस अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *