मुजफ्फरनगर: बंद मकान में युवक का शव मिलने से सनसनी, फंदे पर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की नई बस्ती में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान से 30 वर्षीय राहुल शर्मा का शव बरामद हुआ। युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से मकान के बाहर कुत्तों का जमावड़ा लगा हुआ था। शनिवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंद मकान का दरवाजा खुलवाया तो अंदर राहुल शर्मा का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्रीय सभासद पति विकल्प जैन ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले राहुल और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद राहुल घर में अकेले रह रहा था और मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल के हाथ की नस कटी हुई मिली है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले उसने नस काटने का प्रयास किया और बाद में फांसी लगा ली। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार राहुल शर्मा के पिता सुशील शर्मा, जो बैंककर्मी थे, का हाल ही में निधन हुआ था। पिता की मृत्यु के बाद राहुल अपने पैतृक मकान में अकेले रह रहे थे। वह ठाकुर जी के वस्त्र तैयार करने का कार्य कर अपना जीवनयापन कर रहे थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इसके बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *