बदायूं- 50 हजार का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू पुलिस मुठभेड़ में ढेर
अनुज त्यागी
बदायूं के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में नई जेल के पास बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश व इस्लामनगर डकैती कांड का मास्टरमाइंड जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके सीने में गोली लगी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान बदमाश की गोलीबारी में शेखूपुर चौकी इंचार्ज दरोगा नीरज कुमार और सिपाही अविनाश चौधरी भी घायल हो गए।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि देर रात करीब 10:30 बजे सिविल लाइंस थाना पुलिस नई जेल के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी जितेंद्र उर्फ ढालू ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसे गोली लगी।
जितेंद्र उर्फ ढालू बीती 20 मई को इस्लामनगर थाना क्षेत्र में बिसौली रोड निवासी निजाकत के घर हुई सनसनीखेज डकैती का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड बताया जा रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि ढालू लगातार फरार चल रहा था और बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
मूल रूप से हापुड़ का रहने वाला जितेंद्र वर्तमान में संभल में रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी ने तीन दिन पहले ही उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी तलाश में स्वाट और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार अभियान चला रही थीं।
मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश और घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल लाया गया। सूचना मिलते ही एसएसपी अंकिता शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते जिला अस्पताल छावनी में तब्दील हो गया, जिससे वहां मौजूद मरीज और तीमारदारों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
#Badaun #Encounter #UPPolice #Crime #AnujTyagiPost #RajsattaPost

