मद्महेश्वर में गंभीर रूप से बीमार युवक का एयर रेस्क्यू, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखण्ड सरकार ने एक बार फिर आपातकालीन स्थिति में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए मद्महेश्वर क्षेत्र में गंभीर रूप से बीमार युवक का सफल एयर रेस्क्यू कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मद्महेश्वर मंदिर क्षेत्र के निवासी शिवा पुत्र कुलदीप सिंह (22 वर्ष) की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। बताया गया कि युवक को दो बार हार्ट अटैक आया, जिसके चलते उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में होने के कारण उसे तत्काल उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बिना समय गंवाए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की। शाम करीब 6 बजे युवक को मद्महेश्वर से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित रूप से रुद्रप्रयाग लाया गया। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

राज्य सरकार की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। स्थानीय लोगों ने भी समय रहते किए गए एयर रेस्क्यू के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Rudraprayag #Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *