पद्म भूषण सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री धामी ने भगत सिंह कोश्यारी को दी बधाई
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पर पहुंचकर उन्हें भारत सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान “पद्म भूषण” से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना केवल उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों तथा जनकल्याण के प्रति समर्पित योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर की गई सम्मानजनक पहचान है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में सदैव जनसेवा, सादगी तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास और राष्ट्र निर्माण की विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है।
उन्होंने कहा कि कोश्यारी ने उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने, सामाजिक चेतना को जागृत करने तथा विकास के विभिन्न आयामों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन प्रदेश और देश को आगे भी मिलता रहेगा।#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarakhand #Dehradun

