नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज, देशभर के 933 धावक ले रहे हिस्सा

चमोली। चमोली जनपद की प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी के बीच 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन आयोजित की गई, जिसमें 117 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके अलावा मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 धावकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जो प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा युवाओं को फिटनेस और साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना है। इस आयोजन के माध्यम से नीति घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को भी देशभर में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

इससे पूर्व शनिवार रात मलारी गांव में पर्यटन विभाग की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की शानदार प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में दायित्वधारी हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, गृह सचिव शैलेश बगौली, पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारी-जवान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Chamoli #Uttarakhand #NitiValley

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *