नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के समापन पर सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार

चमोली। जनपद चमोली की नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सीमावर्ती गांवों को पर्यटन और रोजगार के नए केंद्रों के रूप में विकसित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय निवासियों की आजीविका को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में चमोली जिले के नीति, मलारी, कोशा, फरकिया, बाम्पा, गुरगुटी, कैलाशपुर और महरगांव में सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन मॉडल विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन गांवों में सामुदायिक होम स्टे स्थापित किए जाएंगे तथा ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नीति घाटी के प्रमुख गांवों और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनेज बोर्ड और व्यू प्वाइंट विकसित किए जाएंगे, जिससे पर्यटकों को क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत का बेहतर अनुभव मिल सके।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने रिमखिम और बाड़ाहोती क्षेत्र में बॉर्डर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सीमा दर्शन केंद्र’ स्थापित करने की घोषणा की। यह केंद्र देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को सीमांत क्षेत्रों की भौगोलिक और सामरिक महत्ता से परिचित कराएगा।

मुख्यमंत्री ने ग्राम गमशाली स्थित दुप्फूधार मैदान में आधारभूत सुविधाओं के विकास की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को साहसिक पर्यटन, खेल गतिविधियों और बड़े आयोजनों के लिए विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘वाइब्रेंट विलेज’ की अवधारणा के अनुरूप सीमांत गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन घोषणाओं के क्रियान्वयन से नीति घाटी सहित पूरे सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।

#Chamoli #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #NitiValley #BorderTourism #TourismDevelopment #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *