कुम्भ-2027 और प्रदेश के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री धामी ने दी ₹191 करोड़ की मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने तथा राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए करीब ₹191 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन स्वीकृतियों में बाढ़ सुरक्षा कार्य, सड़क निर्माण, शासकीय आवास, पार्किंग, विद्युत परियोजनाएं, पर्यटन विकास और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में साँग नदी के प्रभावित क्षेत्र के चैनलाईलेशन के लिए ₹3.62 करोड़ तथा विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण के लिए ₹63.62 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। वहीं हरिद्वार जनपद में पुराने दिल्ली नीतिपास राज्य मार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधीन अन्य आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों के लिए ₹21.64 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

टिहरी गढ़वाल जनपद के नरेंद्रनगर स्थित बाह्य न्यायालय परिसर में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए आवास निर्माण कार्यों के प्रथम चरण हेतु धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा हरिद्वार स्थित राजकीय विशेष गृह परिसर में सुरक्षा गार्ड भवन निर्माण के लिए ₹5.55 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर स्थित मोहन बाजार में कार पार्किंग निर्माण के लिए ₹9.89 करोड़ मंजूर किए गए हैं। वहीं बागेश्वर जिले के काण्डा क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के लिए ₹5.41 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कारागार विभाग के अंतर्गत सितारगंज स्थित सम्पूर्णानन्द शिविर में पुरानी गौशाला के टिन शेड निर्माण हेतु ₹32.74 लाख तथा निर्माणाधीन पर्वतीय विकास भवन के शेष कार्यों को पूरा करने के लिए ₹80 लाख की मंजूरी दी है।

ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन को आरडीएसएस योजना के तहत संचालित कार्यों के लिए ₹70 करोड़ जारी करने की स्वीकृति दी है। इसके अतिरिक्त निगम की निर्माणाधीन योजनाओं के लिए ₹25 करोड़ अंशपूंजी तथा भवनों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने के लिए ₹5 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

धार्मिक और पर्यटन महत्व की परियोजनाओं के तहत ऋषिकेश स्थित आस्था पथ परियोजना के सौंदर्यीकरण के लिए ₹35.78 करोड़ मंजूर किए गए हैं। वहीं कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत हरिद्वार में श्री प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट के सौंदर्यीकरण हेतु ₹1.50 करोड़ तथा वीरभद्र बैराज ऋषिकेश से चंडी घाट हरिद्वार तक सड़क मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के लिए ₹4.68 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता देते हुए पिथौरागढ़ जनपद के विकासखण्ड कनालीछीना की ग्राम पंचायत सुरूण में कालसीन देवता मंदिर में धर्मशाला निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹27 लाख तथा टिहरी जनपद के जौनपुर विकासखण्ड के ग्राम विरोड़ स्थित नाग देवता मंदिर के नवनिर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹49.86 लाख की स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार कुम्भ मेला-2027 की भव्य एवं सुव्यवस्थित तैयारियों के साथ-साथ प्रदेश के सभी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन विकास, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Kumbh2027 #Haridwar #Rishikesh #Dehradun #Development #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed