सूचना विभाग के सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई समारोह में अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड मुख्यालय में सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट के सेवानिवृत्त होने पर एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लंबे, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की कामना की।

समारोह में अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि विजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने ललिता प्रसाद भट्ट को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि ललिता प्रसाद भट्ट ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सरल व्यवहार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ किया। उनके अनुभव, कार्यशैली और सहयोगात्मक दृष्टिकोण से विभाग को हमेशा लाभ मिला। उन्होंने कहा कि विभाग के प्रति उनका समर्पण और सकारात्मक कार्य संस्कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि ललिता प्रसाद भट्ट उनके साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड दोनों राज्यों में सहयोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की वास्तविक पूंजी उसके कर्मठ और अनुभवी कर्मचारी होते हैं और भट्ट का योगदान विभाग में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं भी दीं।
संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि ललिता प्रसाद भट्ट ने विभाग में एक कुशल, जिम्मेदार और समर्पित अधिकारी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने अपने कार्यों और अनुभवों से विभागीय उद्देश्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यों और व्यवहार को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
उप निदेशक रवि विजारनिया सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया। वक्ताओं ने उनके सौम्य व्यक्तित्व, कार्यकुशलता, अनुशासन और सहयोगी स्वभाव की सराहना की।
अपने विदाई संबोधन में ललिता प्रसाद भट्ट ने विभागीय अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूचना विभाग में बिताया गया उनका सेवाकाल उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग में मिले सहयोग, आत्मीयता और टीम भावना ने उन्हें सदैव बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने ललिता प्रसाद भट्ट के योगदान को याद करते हुए उनके सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
#Uttarakhand #InformationDepartment #Retirement #Dehradun #AnujTyagiPost #RajsattaPost

