मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले- विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में “विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा का महत्त्व” विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में हुए व्यापक सुधार भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारतीय शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाली ऐतिहासिक पहल है। यह नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार, अनुसंधान, रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को केवल डिग्री प्रदान करने वाले केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, शोध और नवाचार के उत्कृष्ट संस्थानों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज भारत विश्व के प्रमुख स्टार्टअप हब के रूप में तेजी से उभर रहा है। डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है। विज्ञान, तकनीक, रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड शिक्षा, ज्ञान और अध्यात्म की समृद्ध परंपरा का केंद्र रहा है। राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, ऑनलाइन शिक्षण सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे आधुनिक विषयों को भी पाठ्यक्रमों में प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दून विश्वविद्यालय में स्थापित सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और दर्शन के अध्ययन एवं अनुसंधान को नई दिशा प्रदान करेगा। साथ ही राज्य सरकार युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने के लिए उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इंटर्नशिप, इंडस्ट्री-लिंक्ड पाठ्यक्रम, स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन सेंटरों को बढ़ावा देकर युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष अजय कुमार, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #ViksitBharat2047 #HigherEducation #Dehradun #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *