मुजफ्फरनगर: नवशक्ति यात्रा के छठे दिन लक्ष्मी नारायण मंदिर में महिला संवाद, धार्मिक सामग्री संग्रह अभियान को मिला समर्थन
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री एवं नवशक्ति यात्रा 2026 की संयोजक ममता अग्रवाल के नेतृत्व में नवशक्ति यात्रा के छठे दिन गांधी कॉलोनी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में महिला संवाद एवं अनुपयोगी धार्मिक सामग्री के सम्मानजनक संग्रह अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान धार्मिक आस्था के सम्मान, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिलाओं की सामाजिक भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

अभियान के अंतर्गत मंदिर परिसर में अनुपयोगी धार्मिक सामग्री के व्यवस्थित संग्रह के लिए विशेष दानपात्र (बॉक्स) स्थापित किया गया। इस पहल को ‘समर्पित युवा शक्ति’ संस्था द्वारा प्रायोजित किया गया है। अभियान का उद्देश्य धार्मिक आस्था से जुड़ी सामग्री का सम्मानजनक संग्रह सुनिश्चित करना और उसके उचित निस्तारण एवं सदुपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करना है, ताकि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान ‘समर्पित युवा शक्ति’ संस्था की सक्रिय सदस्य अंशु को मंदिर में स्थापित संग्रह बॉक्स का प्रभारी नियुक्त किया गया। संस्था के अध्यक्ष एवं वार्ड 37 के सभासद अमित पटपड़िया ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक अच्छी शुरुआत बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह व्यक्तिगत रूप से संग्रह बॉक्स की देखरेख करेंगे, जिससे अभियान को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

कार्यक्रम में मनी पटपड़िया तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष राकेश गुड़िया भी उपस्थित रहे। उन्होंने अभियान को अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर क्षेत्र की बड़ी संख्या में माताओं एवं बहनों ने सहभागिता की। महिलाओं के साथ सार्थक संवाद करते हुए सामाजिक जिम्मेदारी, धार्मिक परंपराओं के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर नवशक्ति यात्रा की संयोजक ममता अग्रवाल ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, उन्हें अपनी बात रखने के लिए सशक्त मंच प्रदान करना तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। महिलाओं का सशक्तिकरण समाज की प्रगति का आधार है। जब महिलाएं जागरूक होकर सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करती हैं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने कहा कि नवशक्ति यात्रा 2026 के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, जागरूकता, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। धार्मिक सामग्री के सम्मानजनक संग्रह की यह पहल भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नवशक्ति यात्रा के माध्यम से महिला संवाद और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को आगे बढ़ाते हुए लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
#Muzaffarnagar #BJP #NavshaktiYatra #EnvironmentProtection #RajsattaPost

