मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर नैनीताल की झीलों के सौंदर्यीकरण और पार्किंग परियोजनाओं को मिली रफ्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में नैनीताल जिले में झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। इसके तहत झील के आसपास स्थित प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, बोटिंग डॉक का निर्माण, 4210 मीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था में सुधार तथा सोलर स्ट्रीट लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 20.97 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित है। इसमें बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फ्लोटिंग जेट्टी, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, व्यूपॉइंट, गज़ीबो, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

कमलताल क्षेत्र को भी पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां ओपन शॉपिंग सेंटर, 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग सुविधा और आकर्षक लैंडस्केपिंग का कार्य प्रस्तावित है।

भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में मल्टीलेवल कार पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण लगभग 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है। परियोजना पूर्ण होने पर यहां 124 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा और करीब 40 दुकानों का संचालन शुरू हो सकेगा।

इसके अलावा नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में 42.77 करोड़ रुपये की लागत से सरोवर पार्किंग परियोजना विकसित की जा रही है, जहां 605 चार पहिया और 202 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा मिलेगी। वहीं नैनीताल क्लब के समीप 30.43 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना प्रस्तावित है।

निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां कार्य शुरू नहीं हुए हैं, वहां शीघ्र निर्माण प्रारंभ कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में बदलाव करने के निर्देश भी दिए गए।

#Uttarakhand #Nainital #PushkarSinghDhami #Tourism #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *