रुड़की में कथित गौकशी के आरोप पर बवाल, संत समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

हरिद्वार/रुड़की । हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र के भगवानपुर विधानसभा अंतर्गत सिकंदरपुर मेसवाल गांव में बकरीद के मौके पर कथित गौकशी के आरोप को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। आरोप है कि गांव के एक युवक ने अपने घर के अंदर गाय की कुर्बानी दी और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित किया। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों और संत समाज में भारी आक्रोश फैल गया।

मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई और लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। कई हिंदू संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संत समाज से जुड़े स्वामी यशवीर महाराज ने पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड और धर्मनगरी हरिद्वार में गौकशी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर वीडियो सही पाया जाता है तो यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर चोट है। स्वामी यशवीर महाराज ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वीडियो लाइव कर माहौल खराब करने और लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़काने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संत समाज और हिंदू संगठन गांव पहुंचकर बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं घटना के बाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्थानीय पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की नजर बनी हुई है। संवेदनशील माहौल को देखते हुए प्रशासन सोशल मीडिया पर भी निगरानी कर रहा है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की जा सके।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Haridwar #Roorkee #Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *