अल्मोड़ा को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, ₹138 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

अनुज त्यागी

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा जनपद को बड़ी विकास सौगात देते हुए लगभग ₹138 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के जरिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क संपर्क, शिक्षा और पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि गांवों से पलायन रुके और स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से उत्तराखंड का बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, उनके पूरा होने से जनपद के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। सड़क और पेयजल योजनाओं के बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधरेगा और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती हेमा गैड़ा, रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह और एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarakhand #Almora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *