उत्तराखंड में राष्ट्रीय लोकदल का बड़ा दांव, 2027 चुनाव को लेकर संगठन विस्तार तेज

देहरादून में रालोद का कुनबा बढ़ा, पूर्व मंत्री नीरपाल सिंह ने महिलाओं को दिलाई सदस्यता

अनुज त्यागी

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाला राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अब उत्तराखंड में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए सक्रिय हो गया है। पार्टी राज्य में खुद को तीसरी राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को तेज गति से चला रही है।

इसी क्रम में बुधवार को राजधानी देहरादून स्थित उज्जवल रेस्टोरेंट में राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है और रालोद उसी दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देते हुए एडवोकेट तनिशा, मीनाक्षी कश्यप और पूनम अग्रवाल ने राष्ट्रीय लोकदल की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। चौधरी नीरपाल सिंह ने सभी महिला सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर संगठन में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना कोई भी राजनीतिक आंदोलन सफल नहीं हो सकता।

पूर्व मंत्री चौधरी नीरपाल सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री एवं रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर पार्टी सीधे जनता से संवाद स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत कमेटियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं, खिलाड़ियों और किसानों को जोड़ने के लिए खेल प्रकोष्ठ विशेष अभियान चलाएगा, ताकि उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाया जा सके।

उन्होंने कहा कि पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। रालोद केवल मैदानी इलाकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों और दूरदराज गांवों तक अपनी पहुंच मजबूत करेगी।

चौधरी नीरपाल सिंह ने बताया कि जून माह में देहरादून में एक विशाल प्रांतीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसके बाद उत्तराखंड के सभी 12 जिलों में भी बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर संगठन को मजबूती देने का अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी, योगेश प्रताप सिंह, भारतीय किसान यूनियन (एकता शक्ति) उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, राजदीप, राज कुमार छाबड़ा, वरुण छाबड़ा और सूर्य प्रकाश भट्ट सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने और 2027 चुनाव में मजबूती से उतरने का संकल्प लिया।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarakhand #Dehradun #RLD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *