गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री धामी ने की विकास योजनाओं की झड़ी

टिहरी गढ़वाल के गजा में आयोजित “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026” के द्वितीय संस्करण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण, नगर पंचायत गजा में आंतरिक मार्गों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तारीकरण और मंच निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय शुरू करने, कोटेश्वर झील के विकास, डांडाचली में ईको पार्क निर्माण तथा पावकी देवी और चमराड़ा देवी मंदिरों के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की। साथ ही कई मोटर मार्गों की स्वीकृति देकर क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था मजबूत करने की बात कही।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने चाका महिला अस्पताल को PHC में उच्चीकृत करने, सामुदायिक भवन सुदृढ़ीकरण, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली एवं पजै गांव को इंटर स्तर तक अपग्रेड करने और नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों की स्वीकृति देने के साथ हेंवल नदी में झील निर्माण और गजा बगीद में 33 KV सब स्टेशन स्थापित करने की भी घोषणा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा में दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया और प्राचीन घंटाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं ताकि युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarakhand #TehriGarhwal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *