मुजफ्फरनगर: भोपा क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोरी लापता, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद युवक समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, किशोरी 21 नवंबर की शाम करीब चार बजे किसी जरूरी काम से घर से निकली थी। बताया गया कि घर वापस लौटते समय युसूफपुर चौराहे के पास से वह लापता हो गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
किशोरी के पिता ने अपनी शिकायत में गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पिता का यह भी कहना है कि संबंधित युवक पहले भी उनकी बेटी को परेशान करता था। इसको लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
बेटी का सुराग नहीं मिलने पर पिता ने भोपा थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 23 नवंबर को आरोपी युवक और उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं परिजनों ने पुलिस से किशोरी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने और मामले में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
#Muzaffarnagar #Bhopa #UPNews #RajsattaPost
