युवती से छेड़छाड़ : विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भाजपा नेता समेत दो पर मुकदमा

राजसत्ता पोस्ट

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में खेत पर गई युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपितों ने युवती और उसके स्वजन को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता पक्ष की तहरीर पर भाजपा नेता समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवती के पिता ने थाना तितावी में तहरीर देकर बताया कि 18 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे उसकी बेटी अपनी मौसी की लड़की के साथ शौच के लिए खेत पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी भाजपा नेता सागर कश्यप और विशाल वहां पहुंच गए। विशाल खेत की मेड़ पर खड़ा रहा, जबकि भाजपा नेता सागर कश्यप खेत के अंदर पहुंच गया और युवती के साथ छेड़छाड़ करने लगा। आरोप है कि उसने युवती के कपड़े उतारने का भी प्रयास किया।
युवती के शोर मचाने पर स्वजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़िता पक्ष का आरोप है कि जाते समय आरोपित शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज कर रहे थे।
थाना पुलिस ने भाजपा नेता सागर कश्यप पुत्र सतवीर सिंह और विशाल पुत्र राकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 76, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *