मुजफ्फरनगर में सांसद हरेंद्र मलिक ने दिशा बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरेंद्र मलिक ने की। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विकास कार्यों की गति, जनहित योजनाओं की पहुंच और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सांसद हरेंद्र मलिक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और कोई भी पात्र व्यक्ति किसी योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें।
सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान सांसद ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत चल रही तथा लंबित परियोजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। साथ ही नगर पालिका अधिकारियों को बरसात के मौसम से पहले शहर के नालों की व्यापक सफाई कराने और गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद ने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सड़कें खोदी गई हैं उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए ताकि आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े और हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में कृषि और रोजगार से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और मनरेगा कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए सांसद हरेंद्र मलिक ने मनरेगा में मानव दिवस बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही अमृत सरोवर, जल संरक्षण और जल संचयन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में समीक्षा करते हुए सांसद ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सरकारी विद्यालयों में कायाकल्प योजना के अंतर्गत मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने और विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने पर बल दिया गया ताकि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
वन विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान सांसद ने हरे-भरे और फलदार पेड़ों की कटाई की शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जिला वनाधिकारी को ग्राम सभाओं की भूमि चिन्हित कर वृक्षारोपण कराने तथा पौधों की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बिजली व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। सांसद ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि जहां आवश्यकता हो वहां क्षमता वृद्धि कराई जाए और जनपद में बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।
पशु चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने पशु चिकित्सालयों में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं में भूसा, पानी, टिनशेड और बीमार गोवंश के उपचार की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सांसद एवं समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन कराया जाएगा और संबंधित विभागों से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत कराई जाएगी।
बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

