मुजफ्फरनगर में “ऑपरेशन सवेरा” की बड़ी सफलता: 1 करोड़ की प्रतिबंधित ट्रामाडोल दवा बरामद, नशा तस्करी गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत थाना खालापार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के “स्पासमोर” कंपनी के 11,66,400 ट्रामाडोल कैप्सूल और घटना में प्रयुक्त हयुंडई एक्सटर कार बरामद की गई है।

यह अभियान सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) के निर्देशन में चलाया जा रहा है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा तथा थाना खालापार प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार 19 मई को गहरा बाग मार्ग पर संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान एक कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में रखे दो कार्टूनों में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल मिले। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम अश्वनी शर्मा निवासी जैननगर खतौली और विनोद कुमार निवासी दयालपुरम खतौली बताए। जांच में सामने आया कि अश्वनी शर्मा पहले से एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है जो गोरखपुर से प्रतिबंधित दवाइयां मंगाकर अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करता था। गिरोह ने “आरएस इंटरप्राइजेज” नाम से फर्म बनाकर दस्तावेजों के जरिए कारोबार खड़ा किया था और ट्रांसपोर्ट माध्यम से दवाओं की खेप मंगवाई जाती थी।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम सुजडू गांव के पास एक खंडहरनुमा गोदाम पहुंची, जहां से 52 अतिरिक्त कार्टून बरामद किए गए। मौके पर मौजूद यशपाल ग्रोवर निवासी गांधी कॉलोनी, नई मंडी को भी गिरफ्तार किया गया। पहले मिले 2 कार्टूनों सहित कुल 54 कार्टून बरामद हुए।

बरामदगी में कुल 11,66,400 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये, और एक हयुंडई एक्सटर कार (HR10AW9950) शामिल है।

पुलिस ने थाना खालापार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

#Muzaffarnagar #OperationSavera #UPPolice #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed