सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने राजकुमार भाटी के बयान की निंदा की, बोले सार्वजनिक रूप से मांगे माफी

मुज़फ्फरनगर।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि राजकुमार भाटी का बयान बेहद शर्मनाक एवं अमर्यादित है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार राजनीतिक व्यक्ति होने के नाते राजकुमार भाटी को अपनी भाषा और आचरण का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

राकेश शर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सर्व समाज को साथ लेकर चलने और सम्मान देने की राजनीति करती रही है। आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी लगातार दिन-रात मेहनत कर समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उनकी भाषा हमेशा सभ्य, संयमित और सभी वर्गों को सम्मान देने वाली रही है। चाहे विधानसभा हो या लोकसभा, अखिलेश यादव जी ने हमेशा विनम्रता और आदर के साथ अपनी बात रखी है।

उन्होंने कहा कि राजकुमार भाटी के इस तरह के बयान से समाज में गलत संदेश जाता है और इससे समाज को जोड़ने के बजाय तोड़ने का कार्य होता है। किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह राजनीतिक हो या सामान्य नागरिक, किसी भी समाज के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है।

राकेश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि राजकुमार भाटी के बयान से समाजवादी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है और पार्टी का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति इस प्रकार की भाषा का समर्थन नहीं करता। उन्होंने कहा कि भाटी जी को आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के आचरण और व्यवहार से सीख लेने की आवश्यकता है।

अंत में राकेश शर्मा ने राजकुमार भाटी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक जीवन में भाषा की मर्यादा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी का एक 7 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद राजकुमार भाटी को सोशल मीडिया पर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने हाथ जोड़कर बिना शर्त माफी मांगते हुए अपनी सफाई भी दी है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar #AkhileshYadav #SamajwadiParty #RajkumarBhati

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *