मेरठ में वलीमा में दो भाइयों और मासूम को गोली मारने वाला एक लाख का इनामी जुबैर एनकाउंटर में ढेर

मेरठ, 13 मई 2026

मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में वलीमा समारोह के दौरान दो भाइयों और एक दो साल के मासूम बच्चे को गोली मारने के आरोपी एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जुबैर को एसटीएफ और लोहियानगर पुलिस ने संयुक्त मुठभेड़ में मार गिराया। बुधवार तड़के अलीपुर इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कुख्यात बदमाश जुबैर अलीपुर क्षेत्र में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर एसटीएफ और लोहियानगर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही जुबैर ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक बाइक, .32 बोर की दो पिस्टल, भारी मात्रा में खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य था और लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई जिलों में आपराधिक घटनाओं में शामिल था।

हाल ही में लोहियानगर क्षेत्र में एक वलीमा समारोह के दौरान जुबैर पर दो भाइयों और एक दो साल के मासूम बच्चे को गोली मारने का आरोप लगा था। इस घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। वहीं अलीगढ़ के सिविल लाइन क्षेत्र में 24 दिसंबर 2025 को हुए राव दानिश हिलाल हत्याकांड में भी वह वांछित चल रहा था। इसी मामले में अलीगढ़ पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जुबैर पुत्र रफतउल्ला मूल रूप से अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र के नौशा गांव का निवासी था और वर्तमान में दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में रह रहा था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे।

एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि जुबैर के मारे जाने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय अपराधी गिरोहों को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब उसके गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *