जुबेर और समीर मुठभेड़ में ढेर, गाजियाबाद कैश वैन लूटकांड में दोनों पर था एक-एक लाख का इनाम

गाजियाबाद, 12 मई 2026

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने एटीएम कैश वैन लूटकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक-एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जुबेर अहमद और समीर को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने इसकी पुष्टि की है। दोनों बदमाश 6 मई को एनएच-9 स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई 27 लाख रुपये की कैश वैन लूट में वांछित चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार बदमाशों ने दिनदहाड़े कैश वैन चालक को गन प्वाइंट पर लेकर फायरिंग करते हुए वारदात को अंजाम दिया था। मामले में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 8 लाख 6 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त कार, तमंचा, कारतूस और कुल्हाड़ी बरामद की थी। वहीं फरार चल रहे जुबेर और समीर पर पहले 50-50 हजार और बाद में एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया।

प्रेस नोट के मुताबिक मंगलवार देर रात स्वाट टीम और वेव सिटी थाना पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बदमाश वेव सिटी क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से मौजूद हैं और फरार होने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी को नाले किनारे पटरी मार्ग की ओर मोड़ दिया। पीछा करने के दौरान बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई, जिसके बाद दोनों बदमाश कार से उतरकर पुलिस पर फायरिंग करने लगे।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट प्रभारी निरीक्षक अनिल राजपूत, वेव सिटी थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस टीम ने मौके से हथियार और कार बरामद की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मारा गया जुबेर विजयनगर क्षेत्र में बांस-बल्ली की दुकान चलाता था, जबकि उसका भाई शोएब कपड़ों की फेरी लगाता है। इस लूटकांड में शोएब और फिरोज अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *