पति के साथ केदारनाथ यात्रा से लौट रही महिला ट्रेन से लापता, 6 दिन बाद बिहार में सुरक्षित मिली
देहरादून।केदारनाथ यात्रा से लौटते समय नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुईं 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह आखिरकार बिहार के बेगूसराय में सुरक्षित मिल गई हैं। इस मामले ने पिछले छह दिनों से उत्तराखंड पुलिस, रेलवे पुलिस और परिवार को परेशान कर रखा था। महिला के अचानक ट्रेन से गायब होने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए थे, जिसके बाद लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, प्रज्ञा सिंह अपने पति मनीष के साथ केदारनाथ दर्शन कर वापस लौट रही थीं। दोनों 5 मई की रात देहरादून से गाजियाबाद आने वाली नंदा देवी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। पति मनीष ने बताया कि हरिद्वार तक दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन देर रात उन्हें नींद आ गई। सुबह जब उनकी आंख खुली तो प्रज्ञा अपनी सीट पर नहीं थीं। इसके बाद ट्रेन में उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

महिला के अचानक लापता होने की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, उत्तराखंड पुलिस और अन्य एजेंसियां सक्रिय हो गईं। परिवार की ओर से गुमशुदगी दर्ज कराई गई और कई रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। सोशल मीडिया पर भी प्रज्ञा की तस्वीरें और जानकारी साझा कर लोगों से मदद की अपील की गई थी।
करीब छह दिन बाद पुलिस को सूचना मिली कि प्रज्ञा सिंह बिहार के बेगूसराय में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया। फिलहाल उन्हें अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है और परिजनों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
हालांकि अब भी सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि प्रज्ञा ट्रेन से किन परिस्थितियों में उतरीं और अकेले बिहार तक कैसे पहुंचीं। पुलिस उनके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने और मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Ghaziabad #NandaDeviExpress #MissingGirl #PragyaSingh

