पिथौरागढ़ में उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण, मुख्यमंत्री धामी ने खुद खेला क्रिकेट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण के दौरान सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्टेडियम पहुंचकर उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण किया और इसे जनपदवासियों को समर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्रिकेट पिच पर स्वयं बल्लेबाजी करते हुए एक ओवर खेलकर मैदान का औपचारिक उद्घाटन किया। खेल मैदान में खिलाड़ियों के साथ उनका उत्साहपूर्ण और आत्मीय अंदाज देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेल गतिविधियों में भी सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने युवाओं से राज्य में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान से जुड़ने का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई खेल नीति के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। पिथौरागढ़ समेत राज्य के विभिन्न जनपदों में खेलों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Pithoragarh #Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *