केदारनाथ धाम में आधुनिक अस्पताल का लोकार्पण, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मिलेगा बेहतर इलाज
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड हॉस्पिटल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी काफी लाभकारी साबित होगा।

उन्होंने बताया कि सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के लक्ष्य को लेकर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों लोगों को निशुल्क इलाज मिल रहा है। साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस मौके पर विधायक आशा नौटियाल, बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, डॉ. कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी, दिनेश चंद्र, हेमंत द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarakhand #Kedarnath

