रिश्तों का कत्ल : छोटे भाई ने रची बड़े भाई की मौत की खौफनाक साजिश, चरथावल पुलिस ने 10 दिन में खोला ब्लाइंड हत्याकांड
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस बड़े भाई के साथ बचपन बीता, उसी भाई को छोटे भाई ने मौत के घाट उतार दिया।
क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या गुस्से में नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई थी। चरथावल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है जानकारी के अनुसार रूकनपुर निवासी दीपक पुत्र रामपाल 28 अप्रैल की शाम अपने छोटे भाई सचिन के साथ बाइक पर बिरालसी रजवाहे की ओर गया था। रास्ते में आरोपी ने पहले दीपक को शराब पिलाई और जब वह नशे में हो गया तो सुनसान खेतों की ओर ले जाकर उसका गला दबाया। इसके बाद ईंट के टुकड़े से सिर पर कई वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को झाड़ियों के बीच खाई में फेंककर फरार हो गया।29 अप्रैल को बिरालसी रजवाहे के पास अज्ञात शव मिलने की सूचना पर चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची। शव के हाथ पर “दीपक” नाम गुदा होने के आधार पर उसकी पहचान हुई। मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो मृतक दीपक अपने भाई सचिन के साथ बाइक पर जाता दिखाई दिया, लेकिन लौटते समय सचिन अकेला नजर आया। यही सुराग पुलिस को आरोपी तक ले गया।
9 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी सचिन को ल घिस्सूखेड़ा झाल पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसका बड़ा भाई शराब के नशे में घर में विवाद करता था, उसकी पत्नी को परेशान करता था और पैतृक संपत्ति बेचने का दबाव बना रहा था। इसी से तंग आकर उसने हत्या की साजिश रची।इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने में चरथावल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में हिंडन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नंदकिशोर शर्मा, कांस्टेबल राहुल गिरी और तेजेंद्र धामा की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते 10 दिन के भीतर सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश हो सका।फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


