20 हजार का इनामी बदमाश शिवम उर्फ मोटा पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 20 हजार रुपये के इनामी अपराधी शिवम उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि वांछित बदमाश क्षेत्र में सक्रिय है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान शिवम उर्फ मोटा के रूप में हुई है, जो सहारनपुर जनपद के नकुड़ क्षेत्र का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जांच में सामने आया है कि शिवम 4 अप्रैल 2024 को कोतवाली नगर क्षेत्र के पिन्ना गांव में हुई बड़ी डकैती की घटना में शामिल था। उस वारदात में बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर घर में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि शिवम लगातार फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, लूटे गए जेवरात और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद जेवरात को सुरक्षित रखते हुए उनका मिलान पीड़ित परिवार से कराया जाएगा, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई को मजबूत किया जा सके।
ASP सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों व संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फरारी के दौरान वह किन-किन घटनाओं में शामिल रहा। पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है, वहीं पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।


