मुजफ्फरनगर: पूर्व सांसद अमीर आलम की पहली सभा में स्थानीय भीड़ नदारद, दावों पर उठे सवाल

मुजफ्फरनगर में मंगलवार को आयोजित पूर्व सांसद अमीर आलम खान की पहली राजनीतिक सभा उम्मीदों के मुताबिक असर नहीं छोड़ पाई। गौरतलब है कि अमीर आलम खान पहले राजनीति से संन्यास की घोषणा भी कर चुके थे, लेकिन अब आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) से जुड़कर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाने के बाद उनकी वापसी को लेकर पहले से ही चर्चाएं थीं, लेकिन पहली ही सभा में उन्हें स्थानीय समर्थन की कमी का सामना करना पड़ा।

मेरठ रोड स्थित फूड वैली में आयोजित इस सभा में मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की मौजूदगी बेहद कम रही। इतना ही नहीं, शहर के प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक चेहरे भी कार्यक्रम से दूरी बनाए नजर आए। यहां तक कि किसी वर्तमान या पूर्व सभासद की भी उपस्थिति नहीं दिखी, जिससे उनके मजबूत चुनावी दावों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि सभा को सफल दिखाने के लिए अन्य विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को जुटाया गया। खासकर पुरकाजी क्षेत्र के बागोवाली, बझेड़ी और रथेड़ी जैसे गांवों से भीड़ लाई गई। हालांकि मंच से सभा को सफल बताने के दावे किए गए, लेकिन स्थानीय लोगों की कमी साफ नजर आई।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अमीर आलम खान के लंबे समय तक जनता से दूर रहने और पहले संन्यास लेने के बाद अचानक चुनावी मैदान में उतरने के फैसले को लेकर लोगों में उत्साह कम दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर भी उनके इस कदम को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, जहां कुछ लोग इसे केवल चुनावी सक्रियता बता रहे हैं।

अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में अमीर आलम खान अपनी पकड़ मजबूत कर पाते हैं या फिर शुरुआती संकेत ही उनके लिए चुनौती बन जाते हैं।

#Muzaffarnagar #UPPolitics #AmeerAlamKhan #AzadSamajParty #PoliticalNews #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *