मुजफ्फरनगर में त्यागी भूमिहार समाज का बड़ा आयोजन, वसीम त्यागी बने युवा जिला अध्यक्ष

मुजफ्फरनगर- जनपद के सूजड़ू स्थित खालसा पट्टी में आज त्यागी भूमिहार समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री वसीम त्यागी के आवास पर संपन्न हुआ, जिसमें समाज के सैकड़ों लोग और कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना और युवाओं को नेतृत्व में आगे लाना रहा।

इस अवसर पर त्यागी भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अक्षय त्यागी ने वसीम त्यागी को जनपद मुजफ्फरनगर का युवा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। घोषणा होते ही कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अक्षय त्यागी ने कहा कि त्यागी भूमिहार समाज हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज की असली ताकत उसकी एकजुटता में है और सभी को मिलकर समाज को आगे बढ़ाना होगा। साथ ही उन्होंने संगठन को मजबूत करने और समाज के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया।

वहीं, नवनियुक्त युवा जिला अध्यक्ष वसीम त्यागी ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्ग के हितों के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि गांव स्तर पर इंटर कॉलेजों की स्थापना की जाए, ताकि समाज की बहन-बेटियों को बेहतर शिक्षा मिल सके। साथ ही समाज के लोगों से एकजुट होकर संगठन से जुड़ने की अपील भी की।

कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी समाज की एकता पर जोर दिया। अंत में यह संदेश दिया गया कि एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और सभी को मिलकर अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाना होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *