दिल्ली में बीजेपी की मैराथन बैठकों से बढ़ी सियासी हलचल, केशव मौर्य और बृजेश पाठक की शीर्ष नेताओं से मुलाकात
नई दिल्ली/लखनऊ- राजधानी दिल्ली में बीजेपी की लगातार बैठकों ने यूपी की सियासत में हलचल तेज कर दी है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विनोद तावड़े से शिष्टाचार मुलाकात की, जिसमें संगठन और सरकार के तालमेल, आगामी रणनीति और योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर मंथन हुआ।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में यूपी की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और ग्राउंड मैनेजमेंट को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। लगातार हो रही बैठकों को बीजेपी नेतृत्व की बढ़ती सक्रियता और आगामी चुनावों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, केशव मौर्य ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर संगठन को और मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर चर्चा की।
इसी क्रम में यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने भी विनोद तावड़े से मुलाकात की और उन्हें “अतुलनीय अटलजी” पुस्तक भेंट की। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा हुई।
बृजेश पाठक ने नितिन नवीन से भी शिष्टाचार भेंट कर शीर्ष नेतृत्व से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इन बैठकों में संगठन और सरकार के कामकाज, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर अहम मंथन हुआ।
लगातार हो रही इन बैठकों से बीजेपी में समन्वय और संवाद को लेकर सक्रियता और तेज होती दिखाई दे रही है।


