आगरा में स्मार्ट मीटरों के खिलाफ महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, 500 मीटर तोड़े
संवाददाता | असलम त्यागी
आगरा में बिजली विभाग के स्मार्ट मीटरों के खिलाफ लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। शहर से करीब 20 किमी दूर अकोला कस्बे में सैकड़ों महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़ लिए और उन्हें सिर पर रखकर बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गईं।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने जमकर हंगामा किया और करीब 500 स्मार्ट मीटर तोड़ दिए। इसके बाद महिलाएं और ग्रामीण धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर बहुत तेज चलते हैं, जिससे कम खपत के बावजूद ज्यादा बिल आ रहा है। साथ ही उनका कहना है कि बिना उपयोग के भी बैलेंस तेजी से घटता है और माइनस में जाते ही बिजली आपूर्ति काट दी जाती है।
प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तुरंत बंद करने और बिजली बिलों में हो रही अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। गौरतलब है कि विरोध के बीच प्रदेश सरकार पहले ही आदेश जारी कर चुकी है, जिसमें 1 किलोवाट तक के कनेक्शन पर 30 दिन तक और 2 किलोवाट पर ₹200 माइनस होने तक बिजली न काटने के निर्देश दिए गए हैं।

