बागपत डबल मर्डर केस: भाजपा नेता सुधारस चौहान गिरफ्तार, सनसनीखेज खुलासे
बागपत। डूडा कर्मी विक्रांत सिंह और उसकी प्रेमिका राखी कश्यप की हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भाजपा नेता सुधारस चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके घर से दबिश देकर पकड़ा गया, जिसकी कार्रवाई सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत एक होटल में हुई शराब पार्टी से हुई, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान राखी कश्यप ने लाइसेंसी पिस्टल से विक्रांत सिंह की जांघ में गोली मार दी। इसके बाद घायल विक्रांत को सुधारस चौहान और उसके साथी कपिल चौहान सहारनपुर ले गए, जहां उसके सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई और शव नहर में फेंक दिया गया।
मामले का राज खुलने के डर से आरोपी सुधारस ने अपने साथी के साथ मिलकर राखी कश्यप की भी हत्या कर दी। सहारनपुर के रजापुर नौगांव स्थित एक फार्म हाउस पर राखी को चाकू से गोदकर मार डाला गया और शव जंगल में फेंक दिया गया।
विक्रांत 16 अप्रैल से लापता था, जिसकी गुमशुदगी उसकी पत्नी ने दर्ज कराई थी। बाद में दोनों के शव अलग-अलग स्थानों से सहारनपुर में बरामद हुए। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।
आरोपी सुधारस चौहान की पत्नी ने पति को बेगुनाह बताते हुए पुलिस पर झूठा फंसाने का आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है।
इस मामले में आरोपी कपिल चौहान पहले से ही पुलिस हिरासत में है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, जिसमें इस्तेमाल की गई कार, फार्म हाउस और हथियारों की भूमिका शामिल है।
बताया जा रहा है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पूर्व में फायरिंग के एक मामले में उसका नाम सामने आया था, जिसे उस समय रफा-दफा कर दिया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

