सादी वर्दी में उतरे एसपी सिटी, मंडी में मचा हड़कंप–जुआ-सट्टा खेलते 7 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर में जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस की सख्ती एक बार फिर देखने को मिली है। इस बार कार्रवाई खुद एसपी सिटी अमृत जैन की अगुवाई में की गई, जिन्होंने सादी वर्दी में टीम के साथ मंडी क्षेत्र में छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में खुलेआम सट्टा चल रहा है, जिसके बाद बिना समय गंवाए दबिश दी गई।
एसपी सिटी के अचानक मौके पर पहुंचने से वहां अफरा-तफरी मच गई। सट्टा खेल रहे लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। मंडी पुलिस ने मौके से कुल 7 सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नईम, वसीम, मोईन, कल्लू, अब्दुल समद और वाजिद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,890 रुपये की नगदी भी बरामद की है, जिसे सट्टे की रकम बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एसपी सिटी अमृत जैन खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते नजर आ रहे हैं।

