चरथावल में विकास को गति: विधायक पंकज मलिक के प्रयासों से 1.16 करोड़ की योजना स्वीकृत

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र में विकास कार्यों को बड़ी रफ्तार मिलने जा रही है। पंकज मलिक के प्रयासों से नगर पंचायत चरथावल के लिए सीवरेज एवं जल निकासी योजना हेतु करीब 1.16 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इस योजना से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव और सीवर की समस्याओं से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग द्वारा नगर पंचायत चरथावल में सीवरेज एवं जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 116.11 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में संयुक्त सचिव देवेश मिश्रा द्वारा आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

योजना के तहत 55 लाख रुपये की पहली किस्त भी अवमुक्त कर दी गई है, जिससे जल्द ही कार्य शुरू होने की संभावना है। यह परियोजना क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण प्रदान करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

बताया जा रहा है कि चरथावल सपा विधायक पंकज मलिक ने दिसंबर 2025 में लोक लेखा समिति की बैठक के दौरान इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके अलावा उन्होंने शासन स्तर पर पत्राचार कर इस मांग को लगातार आगे बढ़ाया। क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए शासन ने 17 जनवरी 2026 को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चरथावल में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिससे बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते थे। अब इस योजना के लागू होने से जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है और नगर पंचायत चरथावल के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *