देवरिया में दर्दनाक हादसा: शादी की खुशियां मातम में बदली, दुल्हन की सड़क दुर्घटना में मौत
देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस घर में शाम को बारात आने वाली थी, वहां अचानक हुए सड़क हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम गौर कोठी निवासी मिनिस्टर के घर में बेटी रचना की शादी कुशीनगर जिले के राजापाकड़ बरवा निवासी आनंद पासवान से तय थी। मंगलवार 28 अप्रैल को बारात आने की पूरी तैयारी थी। घर में मंगलगीत गाए जा रहे थे, झालर और सजावट की गई थी, और परिजन खुशी-खुशी बारात का इंतजार कर रहे थे।
इसी बीच दोपहर के समय दुल्हन रचना अपनी मौसेरी बहन पूजा और चचेरे भाई मुकेश के साथ बाइक से ब्यूटी पार्लर जाने के लिए निकली थी। रचना हाथों में मेंहदी लगाए शादी की तैयारियों में जुटी थी और जल्द ही दुल्हन बनने वाली थी।
लेकिन बरियारपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर चौराहे के पास करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रचना सड़क पर गिर गई और इसी दौरान ट्रेलर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे में साथ मौजूद मौसेरी बहन पूजा और चचेरा भाई मुकेश भी घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और परिजनों को सूचना दी गई। जैसे ही परिवार को हादसे की खबर मिली, शादी की तैयारियों के बीच घर में चीख-पुकार मच गई। पूरा माहौल गम में बदल गया।
सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि बाइक और ट्रेलर की टक्कर में एक युवती की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जहां कुछ ही घंटों बाद घर में शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

