दबंग ने ट्रैक्टर से तोड़ा विद्युत पोल, क्षेत्र की सप्लाई ठप, विद्युतकर्मी ने तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की, आरोपी फरार, पुलिस जाँच में जुटी

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम दधेडू में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 11000 वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आपूर्ति बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य शुरू किया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे लाइनमैन विद्युत लाइन को जोड़ने का कार्य कर रहे थे, तभी गांव का एक दबंग व्यक्ति मौके पर पहुंच गया और बिना किसी वजह के कार्य में बाधा डालने लगा। आरोप है कि उसने लाइनमैन के साथ गाली-गलौज की और उन्हें काम करने से रोक दिया।
स्थिति तब और बिगड़ गई, जब उक्त व्यक्ति अपने घर से ट्रैक्टर लेकर आया और सीधे विद्युत पोल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
अचानक बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में बिजली बाधित होने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और छोटे व्यवसाय भी प्रभावित हो गए हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के अवर अभियंता (जेई) जितेंद्र कुमार ने संबंधित थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी घर से फरार हो गया।
वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पोल को बदलने और लाइन को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *