स्मार्ट मीटर के विरोध में किसानों का पैदल कूच, 12 अप्रैल तक अल्टीमेटम

असलम त्यागी |चरथावल 

समुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गाँव कुटेसरा में भाकियू (अराजनैतिक) कार्यकर्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में आंदोलन तेज कर दिया गया है। किसानों ने बिना सहमति मीटर लगाए जाने का आरोप लगाते हुए जोरदार पैदल मार्च निकालकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
किसान नेता विकास शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कुटेसरा से जनपद मुख्यालय की ओर पैदल कूच पर निकले। इस दौरान किसानों ने नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर योजना को किसान विरोधी बताया। किसानों का कहना है कि यह व्यवस्था उनकी आर्थिक स्थिति को कमजोर करेगी, क्योंकि उन्हें आशंका है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी होगी।
इस आंदोलन का निर्णय गाँव में आयोजित एक बड़ी पंचायत में लिया गया था, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। पंचायत में सर्वसम्मति से तय किया गया कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देगा, तब तक विरोध जारी रहेगा।
किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट अल्टीमेटम दिया कि यदि 12 अप्रैल तक स्मार्ट मीटर हटाए नहीं गए, तो 13 अप्रैल को एक विशाल पंचायत आयोजित कर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों ने चेतावनी दी कि उस स्थिति में आंदोलन जिला स्तर से बढ़ाकर प्रदेश स्तर तक ले जाया जा सकता है।
किसानों के कूच की सूचना मिलते ही चरथावल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाने और शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे और मार्च जारी रखा।
देर रात तक किसानों का पैदल मार्च चलता रहा, जिससे प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *