वसुंधरा एकेडमी में चिल्ड्रेन कार्निवल की धूम, ‘मिशन शक्ति’ के तहत बच्चों को किया जागरूक

असलम त्यागी |चरथावल

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल मे क़सियारा मार्ग स्थित वसुंधरा एकेडमी में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं मनोरंजन के उद्देश्य से भव्य ‘चिल्ड्रेन कार्निवल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्निवल के दौरान विद्यालय परिसर में आकर्षक स्टॉल, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरे माहौल में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण अभियान ‘मिशन शक्ति’ के तहत छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। पुलिस कर्मियों ने बच्चों को सुरक्षा के प्रति सजग रहने, महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग होने वाले हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। प्रबंधक शैलेंद्र शर्मा, अमन शर्मा एवं प्रधानाचार्य मीनू चौधरी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मानसिक, सामाजिक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर निशा शर्मा, प्रबंधक विधि शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *