3 दिन से 20 फीट गहरे कुएं में फंसा कुत्ता, साथ में जहरीली गोह- पशु प्रेमी सन्नी पंजाबी ने शुरू किया जोखिम भरा रेस्क्यू
असलम त्यागी|चरथावल
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र के गांव बिरालसी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कुत्ता करीब 20 फीट गहरे कुएं में गिर गया। हैरानी की बात यह है कि उसी कुएं में एक जहरीली गोह (मॉनिटर लिज़र्ड) भी मौजूद है, जो कुत्ते के पास ही देखी गई। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पशु प्रेमी सन्नी पंजाबी वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में पुष्टि हुई कि कुएं के अंदर गोह होने के कारण किसी भी तरह की जल्दबाज़ी जानलेवा साबित हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, यह कुत्ता करीब तीन दिन पहले कुएं में गिरा था। गांव निवासी किसान अलकपाल ने उसे बाहर निकालने के लिए पहले खुद प्रयास किया और कुएं में सीढ़ी भी डाली, ताकि कुत्ता खुद बाहर आ सके। लेकिन जब कुत्ता बाहर नहीं निकल पाया, तो तीसरे दिन वन विभाग और सन्नी पंजाबी को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे सन्नी पंजाबी ने ग्रामीणों से अपील की कि बिना सुरक्षा उपकरणों के कुएं में उतरने की कोशिश न करें, क्योंकि अंदर मौजूद गोह और गहराई दोनों ही खतरा बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी सावधानी और सुरक्षा मानकों के साथ ही किया जाएगा।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। कई लोगों ने रस्सी और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराकर मदद की पेशकश भी की।
सन्नी पंजाबी ने बताया कि कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर अन्य विभागों की मदद भी ली जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही इस जोखिम भरे ऑपरेशन का सफल अंत होगा और कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।

