धामी मंत्रिमंडल का विस्तार: पांच नए मंत्रियों ने ली मंत्री पद की शपथ
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच पांच विधायकों को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जिसके बाद अब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित कुल 12 सदस्य हो गए हैं।
राजभवन/लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
मंत्री पद की शपथ लेने वालों में खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा शामिल हैं। इन सभी को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को संगठनात्मक संतुलन और आगामी चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, गणेश जोशी और सौरभ बहुगुणा, सांसद महेन्द्र भट्ट और नरेश बंसल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन द्वारा किया गया।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब विभागों के बंटवारे को लेकर भी जल्द निर्णय होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को और गति मिलेगी।
#AnujTyagiPost #UttarakhandNews #DhamiCabinet #CabinetExpansion #DehradunNews

